नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया। मंगलवार को पुलिस ने बताया कि इस मामले में 21 साल के युवक पर दुष्कर्म और अपहरण का केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 17 साल की लड़की ने इंदौर में बच्चे को जन्म दिया है। पुलिस ने बताया कि बाल कल्याण कमेटी की तरफ से मिले खत के आधार पर सोमवार की रात आरोपी युवक पर भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366 के अलावा पॉक्सो की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है।

नाबालिग लड़की ने 17 फरवरी को सरकारी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों अलग-अलग समुदाय के थे। जिसके बाद इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। बाल कल्याण कमेटी ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया यह मामला चाइल्ड मैरेज, पॉक्सो एक्ट और धर्म परिवर्तन का लग रहा है।’ एक सब-इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी ने बताया कि FIR दर्ज होने से पहले युवक को एहतियात के तौर पर 18 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया था।

हालांकि, उसे जमानत मिल गई थी। अब उसके खिलाफ नई एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। बाल कल्याण कमेटी की अध्यक्ष पल्लवी पोरवाल ने कहा, ‘लड़की ने काउंसिलिंग के दौरान बताया कि उसने 21 साल के लड़के से शादी की थी। हालांकि, सच्चाई का पता सिर्फ पुलिसिया जांच के बाद ही चलेगा। लड़की ने बताया कि नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अगर लड़की और उसके परिजनों ने हमसे शेल्टर या सुरक्षा की मांग की तो हम उन्हें देंगे।