ग्वालियर। जिले के बनहरी गांव (आरोन) में नवविवाहिता रूपेश बघेल को उसकी सास, नंद, पति व जेठ ने जिंदा जलाकर मारने का प्रयास किया। झुलसी हालत में नवविवाहिता को अस्पताल में भर्ती कराकर ससुराली गायब हो गए थे। नवविवाहिता को मिट्टी का तेल डालकर जलाने की घटना 9 फरवरी की है। आरोन थाना पुलिस ने झुलसी महिला के मृत्यु पूर्व कथन लेने के बाद आरोपिताें के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

बनहरी गांव निवासी गोपाल बघेल की शादी पिछले साल ही 19 साल की रूपेश बघेल के साथ हुई थी। शादी के बाद से उसे ससुराली दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। 9 फरवरी को नवविवाहिता को झुलसी हालत में इलाज के लिए जेएएच में भर्ती कराया था। रूपेश की हालत गंभीर होने के कारण पुलिस बयान नहीं ले पाई थी। महिला की हालत में कुछ सुधार होने पर आरोन थाना पुलिस ने सोमवार को उसके मृत्युपूर्व कथन लिए। नवविवाहिता ने बताया कि उसकी सास राजाबेटी ने उसे जिंदा जलाने के इरादे से मिट्टी का तेल डाल दिया। नंद सोनम ने आग लगा दी। पति व जेठ मोहन बघेल ने उसे धक्का देकर कहा- इसे जान से मार दो। पुलिस ने झुलसी महिला के कथनों के आधार पर चारों आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस का दावा है कि चारों आरोपित की तलाश की जा रही है।

गोला का मंदिर निवासी शिवशरण पुत्र लाखन सिंह राजपूत सोमवार की रात को दोस्त के भाई की लगुन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छह नंबर चौराहे पर आया था। रात में घर लौटते समय रास्ते में उसे नींद सी आने के बाद चक्कर से आने लगे। गाड़ी चलाना युवक के लिए मुश्किल हो गया। आरोपित गाड़ी राेक कर कुछ समय के लिए बैठ गया। बैठते ही वह लुढ़क गया और उसकी मौत हो गई। थाटीपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित की कारण पीएम रिपोर्ट से पता चल सकेगा।