कोरबा। कोरबा वन मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमलों में लोग जख्मी हो रहे हैं। छुईढोंढा के पास दो भालूओं के हमले में एक ग्रामीण बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसने किसी तरह अपनी जान बचाई। पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी चिकित्सा के लिए वन विभाग ने सिर्फ 500 रुपए की राहत राशि दी है।

चिया गांव का रहने वाला जगजीवन पटेल इस घटना का शिकार हुआ है। उसकी मानसिक स्थिति कुछ दिन से बेहतर रही है। आवश्यक काम से वह ससुराल गया हुआ था और देर रात को अपने घर के लिए रवाना हो गया। इस बीच जंगल के रास्ते में भालूओं ने उस पर हमला कर दिया। पीड़ित के भाई विनोद ने बताया कि आसपास के लोगों के जरिए इस बारे में जानकारी मिली।

विनोद ने बताया कि निश्चित रूप से मौके पर उसके भाई ने भालू से टक्कर ली होगी। वन विभाग के द्वारा इस मामले में चिकित्सा के लिए केवल 500 रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है जो ऊंट के मुंह में जीरा के समान है।

जंगली जानवर के हमले में घायल ग्रामीण को कोरबा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने के साथ उपचार दिया जा रहा है। वन मंडल कोरबा में जंगली जानवरों के द्वारा उत्पात मचाने और हमला करने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस पर रोक कैसे लगे इस दिशा में अब तक कोई कार्ययोजना नहीं बन सकी है।