सूर्य को सभी ग्रहों का देवता माना जाता है। सूर्य जब भी राशि परिवर्तन करते हैं तो उस घटना को हम संक्रांति कहते हैं। जिस भी राशि में सूर्य का प्रवेश हो रहा होता है। उसी राशि के नाम पर संक्रांति का नाम रखा जाता है। 14 अप्रैल बुधवार को मेष संक्रांति थी। इसका मतलब है कि इस दिन सूर्य मेष राशि में प्रवेश कर गए हैं। एक महीने तक मीन राशि में रहने के बाद सूर्य ने राशि बदली है। अब अगले एक महीने तक यानी 14 मई तक सूर्य मेष राशि में ही रहेंगे। मेष, सूर्य की उच्च राशि है और इस राशि में आकर सूर्य सबसे अधिक बलवान माने जाते हैं। सूर्य के इस राशि परिवर्तन का किस राशि पर क्या असर होगा। आइए जानते हैं।

मेष राशि: मेष राशि में ही सूर्य ने अभी प्रवेश किया है और अगले 30 दिन तक वह इसी राशि में रहेंगे। मेष राशि वालों के लिए तो यह समय शुभ है। मान-सम्मान पद प्रतिष्ठा में बढ़ोतरी होगी। नया काम शुरू करने के लिए अच्छा अवसर है। लोकप्रियता बढ़ेगी, विवाह संबंधी मामले भी सफल रहेंगे।

वृषभ राशि: पुराने मामले और रुके हुए कामों का निपटारा होगा। आर्थिक निवेश की संभावना बनेगी और रिश्तों में सुधार होगा। इस समय आप कोई संपत्ति खरीद सकते हैं। भागदौड़ ज्यादा हो सकती है इसलिए सेहत का ध्यान रखें।

मिथुन राशि: आर्थिक उन्नति हो सकती है, लेकिन अपने खर्चों पर नियंत्रण रखें। परिजनों से मतभेद न होने दें, सरकारी कामकाज में सफलता मिलेगी। प्रेम संबंधी मामले उदासीन रहेंगे। व्यर्थ चिंता न करें।

कर्क राशि: पदोन्नति हो सकती है। आर्थिक समस्या भी दूर होगी। खर्च में बढ़ोतरी हो सकती है इसलिए उस पर नियंत्रण रखें। नौकरी में उच्च अधिकारियों का सहयोग मिल सकता है, संतान संबंधी चिंता दूर होगी।

सिंह राशि: भाग्य प्रबल होगा और आपका साथ भी देगा। सभी रुके हुए काम पूरे होंगे। पद प्रतिष्ठा की प्राप्ति होगी और आर्थिक लाभ की भी संभावना है। स्वभाव में क्रोध आ सकता है इसलिए उस पर पूरी तरह से नियंत्रण रखें।

कन्या राशि: कन्या राशि वालों के लिए समय अच्छा नहीं है। सेहत खराब रह सकती है। आर्थिक परेशानियां भी हो सकती हैं। विवाह संबंधी बातों में थोड़ी देर हो सकती है और दांपत्य जीवन में भी समस्याएं आ सकती हैं। जहां तक संभव हो लड़ाई झगड़ा और विवाद से दूर ही रहें।

तुला राशि: वैवाहिक जीवन का ध्यान रखें, दांपत्य जीवन में कटुता आ सकती है। पति पत्नी में किसी एक की सेहत खराब हो सकती है, ससुराल पक्ष से रिश्ते बिगड़ सकते हैं। आर्थिक रूप से यह समय बेहतर रहेगा, धन कमाने के अच्छे अवसर मिलेंगे।

वृश्चिक राशि: नौकरी और रोजगार से जुड़ी समस्याएं कम होंगी। कोर्ट कचहरी के फैसले आपके पक्ष में आएंगे। व्यर्थ की भागदौड़ और क्रोध से बचें। आय के साधन बढ़ेंगे और पदोन्नति के योग हैं।

धनु राशि: करियर में बड़ा बदलाव हो सकता है, धन योग का निर्माण हो रहा है। सफलता और सम्मान मिलेगा। रोमांस के मामलों में उदासीनता बनी रहेगी, बड़े भाइयों से मतभेद न होने दें।

मकर राशि: सूर्य की वजह से चल रही समस्याएं खत्म होंगी। कई तरह के अप्रत्याशित परिणाम भी मिलेंगे। उतार चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है, परिवार में कलह और मानसिक अशांति बढ़ सकती है।

कुंभ राशि: आर्थिक और व्यवसायिक सफलता मिल सकती है। धर्म और दान पुण्य के कामों में रुचि बढ़ेगी, विदेश संबंधी मामलों में सफलता मिलेगी। योजनाओं को गोपनीय ही रखें।

मीन राशि: मीन राशि वालों के लिए यह समय शुभ और बेहतर है। सफलता के योग बन रहे हैं, आय में वृद्धि हो सकती है। सेहत का ध्यान रखें, विवाद से दूर रहें। किसी को उधार धन देने से बचें।