मेष राशि: राशि का स्वामी मंगल, बुध, सूर्य की संगति में है। कड़वाहट को मिठास में बदलने की कला आपको सीखनी पड़ेगी। जीवन साथी का सहयोग व सानिध्य प्राप्त होगा। पंचम भाव दूषित होने के कारण संतान पक्ष से निराशाजनक समाचार मिल सकता है। सायंकाल के समय कोई रुका काम बनने की संभावना है। रात्रि का समय प्रियजनों से भेंट और आमोद-प्रमोद में बीतेगा।

वृष राशि: आज का दिन संतोष और शान्ति का है। राजनैतिक क्षेत्र में किए गए प्रयासों में सफलता मिलेगी। शासन और सत्ता से गठजोड़ का लाभ मिल सकता है। नए अनुबंधों के द्वारा पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। रात्रि में कुछ अप्रिय व्यक्तियों से मिलने से अनावश्यक कष्ट का सामना करना पड़ेगा। संतान पक्ष से कुछ राहत मिलेगी।

मिथुन राशि: राशि स्वामी की व्यग्रता के कारण किसी मूल्यवान वस्तु के खोने या चोरी होने का भय बना रहेगा। संतान की शिक्षा या किसी प्रतियोगिता में आशातीत सफलता का समाचार मिलने से मन में हर्ष होगा। सायंकाल में कोई रुका कार्य पूरा होगा। रात्रि में उत्साहवर्धक मांगलिक कार्यों में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त होगा।

कर्क राशि: चन्द्रमा द्वादश भाव में उत्तम संपत्ति का संकेत कर रहा है। आजीविका के क्षेत्र में प्रगति होगी। राज्य मान-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। संतान के दायित्व की पूर्ति हो सकती है। यात्रा और देशाटन की स्थिति सुखद व लाभदायक रहेगी। सायंकाल से लेकर रात्रि तक प्रिय व्यक्तियों का दर्शन व सुसमाचार मिलेगा। दिन आपका उत्तम रहने वाला है।

सिंह राशि: राशि का स्वामी सूर्य चार ग्रहों के बीच में आ गया है। आपकी आमदनी के नए स्रोत बनेंगे। वाणी की सौम्यता आपको सम्मान दिलाएगी। शिक्षा और प्रतियोगिता में विशेष सफलता मिलेगा। सूर्य के कारण अधिक भागदौड़ और नेत्र विकार होने की संभावना है। शत्रु आपस में लड़कर ही नष्ट हो जाएंगे।

कन्या राशि: राशि स्वामी बुध भाग्य वृद्धि कर रहा है। रोजगार-व्यापार के क्षेत्र में जारी प्रयासों में अकल्पनीय सफलता प्राप्त होगी। संतान पक्ष से भी संतोषजनक सुखद समाचार मिलेगा। दोपहर बाद किसी कानूनी विवाद या मुकदमों में जीत आपके लिए खुशी का कारण बन सकती है। शुभ खर्चा और कीर्ति में वृद्धि होगी।

तुला राशि: आज आपके चारों ओर सुखद वातावरण रहेगा। घर-परिवार के सभी सदस्यों की खुशियां बढ़ेगी। कई दिनों से चली आ रही लेन-देन की कोई बड़ी समस्या हल हो सकती है। पर्याप्त मात्रा में धन हाथ में आ जाने का सुख मिलेगा। विरोधियों का पराभव होगा। पास और दूर की यात्रा का प्रसंग प्रबल होकर स्थगित होगा। प्रणय संबंध प्रगाढ़ता की ओर बढ़ेंगे।

वृश्चिक राशि: आपकी राशि पर तृतीय शनि एवं अष्टम भाव चन्द्र योग अभी सात दिन और चलेगा। फलस्वरूप कुछ आन्तरिक विकार जैसे वायु, मूत्र, रक्त जड़ जमा रहे हैं। आज का दिन इस सबकी जांच कराने और किसी अच्छे डॉक्टर इस विषय में सलाह लेने में व्यतीत करें। रोग की अवस्था में भी खुद को थोड़ा आराम दें।

धनु राशि: आज आपके विरोधी भी आपकी प्रशंसा करेंगे। शासन सत्ता पक्ष से निकटता और गठजोड़ का लाभ भी मिलेगा। ससुराल पक्ष से पर्याप्त मात्रा में धन हाथ लग सकता है। सायंकाल से लेकर रात्रिपर्यंत सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के अवसर प्राप्त होंगे। दिन आपका उत्तम है।

मकर राशि: आज पारिवारिक और आर्थिक मामलों में सफलता मिलेगा। आजीविका के क्षेत्र में चल रहे नए प्रयास फलीभूत होंगे। अधीनस्थ कर्मचारियों का आदर और सहयोग भी पर्याप्त मिलेगा। सायंकाल के समय किसी झगड़े विवाद में न पड़ें। रात्रि में प्रिय अतिथियों के स्वागत का योग बना रहेगा। माता-पिता का विशेष ध्यान रखें।

कुंभ राशि: आज आपके स्वास्थ्य सुख में व्यवधान आ सकता है। राशि का स्वामी शनि क्योंकि मार्गी उदय चल रहा है। अतः निर्मूल विवाद अकारण शत्रुपत्ति, अपनी बुद्धि द्वारा किए कार्यों में ही हानि और निराशा कारक है। कोई विपरीत समाचार सुनकर अकस्मात यात्रा पर जाना पड़ सकता है। इसलिए सावधान रहें और झगड़े-विवाद से बचें।

मीन राशि: आज का दिन पुत्र-पुत्री की चिंता तथा उनके कामों में व्यतीत होगा। दाम्पत्य जीवन में कई दिन से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो जाएगा। बहनोई और साले से आज लेन-देन न करें, संबंध खराब होने का खतरा है। धार्मिक क्षेत्रों की यात्रा और पुण्य कार्यों पर खर्चा हो सकता है। यात्रा में सावधान अवश्य रहें। बृहस्पति का एकादश योग मूल्यवान वस्तुएं चोरी करा सकता है।

(जन्मदिन की शुभकामनाएं)

यह वर्ष मंगल बुध चन्द्र के प्रभाव क्षेत्र में रहेगा। मार्च महीने के शेष दिनों में आयात-निर्यात के व्यापार से जुड़े लोगों को बारम्बार समस्याओं से जूझना पड़ेगा। अप्रैल से लेकर मई माह के अंत तक अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। गत वर्ष के सभी बचे हुए प्रसंग उभरकर सामने आएंगे। जून महीने की बात करें तो आर्थिक कष्ट व्यथित कर सकते हैं। जुलाई के महीने में जहां आपको किसी भाग्यवर्धक कार्यक्षेत्र से जुड़ना पड़ेगा, वहीं अगस्त महीने के आखिर तक आपके कार्य कौशल और एकाग्रता से सभी जोखिम के कार्य सरल हो जाएंगे। इस वर्ष के उत्तरार्ध सितंबर से लेकर अक्टूबर माह के अंत तक आपका जीवन स्तर ऊंचा उठेगा। नवंबर माह की बात करें तो सब लोग आपके कार्य कौशल की प्रशंसा करेंगे। दिसंबर माह में आपके काम बनते जाएंगे। जनवरी 2023 में यदि कष्ट चिंता हो तो शनिवार सुबह स्टील की कटोरी में सरसों का तेल भरकर उसमें अपना मुख देखकर कटोरी से तेल सहित डाकोत को दान कर दें। इस तरह पांच शनिवार करें इससे फरवरी तक घर में सुख और शांति बनी रहेगी। फरवरी और मार्च माह में महिलाओं को कार्यक्षेत्र में उन्नति के साथ-साथ यश भी मिलेगा। शत्रु जनित षड़यंत्र और लोकापवाद से सावधान रहें।

-आचार्य कृष्ण दत्त शर्मा

पंचांग (11 मार्च 2022 शुक्रवार)

राष्ट्रीय मिति फाल्गुन 20, शक संवत 1943, फाल्गुन शुक्ला, नवमी, शुक्रवार, विक्रम संवत 2078। सौर फाल्गुन मास प्रविष्टे 28, शब्बान 07, हिजरी 1443 (मुस्लिम), तद अनुसार अंग्रेजी तारीख 11 मार्च सन 2022 ई.। सूर्य उत्तरायण, दक्षिण गोल, बसंत ऋतु। राहुकाल पूर्वाह्न 10 बजकर 30 मिनट से 12 बजे तक। नवमी तिथि प्रातः सूर्योदय से लेकर अगले दिन प्रातः 08 बजकर 08 मिनट तक उपरांत दशमी तिथि का आरंभ, मृगशिरा नक्षत्र अपराह्न 02 बजकर 35 मिनट तक उपरांत आर्द्रा नक्षत्र का आरंभ, आयुष्मान योग अर्धरात्रोत्तर 03 बजकर 10 मिनट तक उपरांत सौभाग्य योग का आरंभ, बालव करण सायं 06 बजकर 52 मिनट तक उपरांत कौलव करण का आरंभ। चन्द्रमा दिन रात मिथुन राशि पर संचार करेगा।