naxali attack chhattisgarh
naxali attack in narayanpur

 

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में आज एक  नक्सली हमला हुआ। इसमें भारत तिब्बत सीमा पुलिस (Indo Tibetan Border Police, ITBP) के दो जवान शहीद हो गए।  यह हमला कादेमेता कैंप पर दोपहर 12.10 बजे हुआ।

बस्तर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल  सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सली घात लगाए बैठे थे। कैंप से 600 मीटर की दूरी पर जवानों पर हमला हुआ। इसके बाद जवानों से एक AK-47 रायफल, दो बुलेटप्रूफ जैकेट औरवाकी टाकी भी लूटकर नक्सली फरार हो गए।

बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने  दी जानकारी

शहीद होने वाले जवान ITBP की 45वीं बटालियन के ई कंपनी के जवान थे। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने इसकी जानकारी दी है। पुलिस ने बताया, ‘असिस्टेंट कमांडेंट सुधाकर शिंदे और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह शहीद हो गए।

ये दोनों ही ITBP के 45वीं बटालियन में थे।’ हमले के बाद दुर्घटनास्थल पर सैन्य मदद पहुंचा दी गई है। साथ ही सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि चार दिन पहले नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। आज की घटना को उससे ही जोड़कर देखा  जा रहा है। माना जा रहा है आज का नक्सली हमला उसका बदला लेने के लिए किया गया है।

यह भी पढ़ें : जानसन एंड जानसन ने 12-17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए कोविड वैक्सीन ट्रायल की अनुमति मांगी

दरअसल सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों हुंगा करटाम, आयता माड़वी और पोज्जा को गिरफ्तार किया था। रविवार को कुआकोंडा थाने से पुलिस दल को बड़ेगुडरा और ऐटेपाल गांव की ओर रवाना किया गया था।

जब दल ऐटेपाल गांव के करीब जंगल में था तब वहां से तीन संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। पुलिस दल ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम हुंगा करटाम, आयता माड़वी और पोज्जा बताया।