Corona News 22 April 2021 : देश में 24 घंटों के दौरान 3.14 लाख से अधिक कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं। किसी भी देश में एक दिन में संक्रमण के इतने ज्यादा मामले आने का यह नया रिकार्ड है। इन मामलों के साथ देश में अब तक कोरोना से 1,59,30,965 लोग संक्रमित हो चुके हैं। फिलहाल देश में कोरोना के 22.91 लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार सुबह आठ जारी आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे की अवधि में कुल 3,14,835 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं 2,104 लोगों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,84,657 हो गई। आइसीएमआर के अनुसार 21 अप्रैल तक 27,27,05,103 नमूनों की जांच की गई। जबकि अकेले बुधवार को 16,51,711 नमूनों की जांच हुई। कोरोना के कारण 24 घंटों के दौरान जिन 2,104 लोगों की जान गई उसमें से सर्वाधिक 568 लोग महाराष्ट्र के रहे। इसके बाद से दिल्ली से 249, छत्तीसगढ़ से 193, उत्तर प्रदेश से 187, गुजरात से 125 और कर्नाटक से 116 लोगों ने जान गंवा दी।

देश में अब तक कुल 1,84,657 मौतें हुई हैं जिनमें महाराष्ट्र से 61,911, कर्नाटक से 13,762, तमिलनाडु से 13,258, दिल्ली से 12,887, बंगाल से 10,710, उत्तर प्रदेश से 10,346, पंजाब से 8,114 और आंध्र प्रदेश से 7,510 शामिल हैं। 24 घंटों में सामने आए 3,14,835 मामलों में 75 फीसद हिस्सेदारी 10 राज्यों की हैं। ये दस राज्य महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 67,468 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद उप्र में 33,106 और दिल्ली में 24,638 नए मामले दर्ज किए गए।