नई दिल्ली। दुनिया में अपना नाम कमाने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते। वे अपनी जान पर भी खेल जाते हैं। विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए अपने शरीर पर 6 लाख मधुमक्खियां चिपकाने वाले इस व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है। चीन के इस शख्स ने ऐसा कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने फेसबुक पेज पर इस वीडियो को शेयर किया है।
वीडियो में आप देख सकते हैं कि इस शख्स ने अपने पूरे शरीर को मधुमक्खियों से ढंक लिया। चीन के रहने वाले रुआन लिआंगमिंग ने 637,000 मधुमक्खियों को अपने शरीर पर चिपकाकर सबसे अधिक मधुमक्खियां (63.7 किलो वजनी) चिपकाने का रिकॉर्ड बनाया है। इन मधुमक्खियों में 60 रानी मधुमक्खियां भी शामिल थीं। इस वीडियो पर अब तक 70 लाख व्यूज आ चुके हैं और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं।
इस काम के माहिर एक व्यक्ति ने बताया कि इस चेलैंज से गुजरने वाले व्यक्ति का बेहद शांत होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी डंक मारने के बाद मर जाती है, इसलिए वह तब तक डंक मारने से बचती है तब तक की सामने वाले व्यक्ति से उन्हें कोई हानि न हो। इस काम को करने वाले व्यक्ति को जल्द से जल्द मधुमक्खियों का मूड भांपना होता है, अगर मधुमक्खियां बिगड़ गईं तो उसकी जान जा सकती है।
एक अफ्रीकी शख्स का ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी भुजाओं पर मधुमक्खियों के झुंड को लादे हुए दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को अब तक 2 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।