कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ED ने बुधवार को तीन घंटे पूछताछ की है। इस दौरान उन्हें कोई नया नोटिस नहीं मिला है। जानकारी के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय ने पूछा कि यंग इंडिया के लेन-देन से जुड़ी कितनी बैठकें आपके घर 10 जनपद पर हुई। मंगलवार को जब एजंसी ने कंपनियों के लेन-देन के बारे में सवाल किया तो सोनिया ने जवाब दिया, कि कांग्रेस, एसोसिएट जर्नल और यंग इंडियन से जुड़े सभी लेनदेन पूर्व कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा देखते थे।

ईडी ने आज क्या सवाल किए? 

  • यंग इंडिया लिमिटेड संस्था किस क्षेत्र में काम करती है?
  • लेनदेन से जुड़ी कितनी बैठकें आपके आवास 10 जनपथ पर हुई?
  • लेनदेन के बारे में आपको क्या जानकारी है? इसके शेयर किस तरह बिके?

 बुधवार को पूछताछ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशभर में प्रदर्शन किया। संसद भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सुरक्षाबलों ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उठाकर बसों में भर दिया। इस दौरान उनकी सुरक्षाबलों से भी झड़प हुई। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि देश को पुलिस राज्य बना दिया गया है।

3 दिन में 12 घंटे के सवाल, 5 दिन का ब्रेक भी मिला

सोनिया पहली बार 21 जुलाई को ईडी कार्यालय पहुंची थीं और उनसे तीन घंटे तक पूछताछ की गई। इसके बाद 5 दिनों का ब्रेक था। उन्हें 26 जुलाई को बुलाया गया था और 6 घंटे तक सवाल किए गए थे। कुल 12 घंटे की पूछताछ के दौरान उससे 100 से ज्यादा सवाल पूछे गए हैं।

ये हैं 3 बड़े बयान…

1. गुलाम नबी आजाद- ईडी ने जांच बंद कर दी थी। अब पहले राहुल गांधी और फिर सोनिया गांधी से सवाल कर रहे हैं। महिलाओं और बीमार लोगों पर जंग में भी हाथ नहीं उठाया जाता है। कार्रवाई के मामले में मोदी सरकार निचले स्तर पर आ गई है।

2. जेपी नड्डा- नेशनल हेराल्ड में करोड़ों का घोटाला हो चुका है। जांच एजेंसी कानून के तहत काम कर रही है। एक परिवार को बचाने के लिए सत्याग्रह का नाटक किया जा रहा है। यह असत्य के लिए एक आग्रह है।

3. मल्लिकार्जुन खड़गे- ईडी बार-बार धमकी दे रहा है। कांग्रेस को बदनाम करने और परेशान करने की कोशिश की जा रही है। सोनिया गांधी की तबीयत ठीक नहीं है, लेकिन फिर भी उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।

राहुल को भी मंगलवार को हिरासत में लिया गया था

मंगलवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत कांग्रेस के 50 सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सोनिया से पूछताछ खत्म होने के बाद इन सभी को छोड़ दिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल ने कहा था- देश को पुलिस राज्य बना दिया गया है।

जानिए क्या है नेशनल हेराल्ड केस

नेशनल हेराल्ड मामले को पहली बार 2012 में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने उठाया था। अगस्त 2014 में, ईडी ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया और मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया। इस मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडीज, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे को आरोपी बनाया गया था।

इन चंद शब्दों में समझिए हेराल्ड मामला 

  1. 1938 में प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने पांच हजार स्वतंत्रता सेनानियों के साथ शुरू किया।
  2. इसका संचालन एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड करता था।
  3. आजादी के बाद यह कांग्रेस का मुखपत्र था।
  4. AJL ही अंग्रेजी में नेशनल हेराल्ड का प्रकाशन करता था।
  5. कांग्रेस से मिले लोन के बावजूद अखबार 2008 में बंद हो गया।
  6. 2010 में यंग इंडियन लिमिटेड बना, जिसने AJL का अधिग्रहण किया।
  7. YIL में सोनिया गांधी और राहुल गांधी की 76% हिस्सेदारी है।
  8. कांग्रेस ने AJL के 90 करोड़ रुपये लोन को YIL को ट्रांसफर कर दिया।
  9. YIL पर 50 लाख रुपये देकर AJL की 2000 करोड़ रुपये की संपत्ती हड़पने का आरोप है।