महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में शुक्रवार देर रात नशे की हालत में प्रेमिका के घर का दरवाजा पीट रहे युवक की हत्या कर दी गई। यहां बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और उसके सीने में चाकू मार दिया। युवक को लहूलुहान सड़क पर पड़ा देख प्रेमिका भी घर की दूसरी मंजिल से कूद गई, उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने बाइक सवार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
पुलिस ने चाकू से हमला करने वाले आरोपियों जग्गू साहू, सोनू प्रजापति और किशन को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, श्रीराम नगर कॉलोनी निवासी रोहित यादव (25) पुत्र राजेंद्र यादव का पड़ोस में ही रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग था। रोहित शुक्रवार रात करीब 10 बजे युवती के घर के बाहर हंगामा करते हुए दरवाजे पर लात मार रहा था। साथ ही युवती को बाहर भेजने के लिए शोर मचा रहा था। यह देखकर आसपास के लोगों व परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। काफी देर तक हंगामा चलता रहा।

इसी बीच बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और उसका हाथ पकड़कर खींचने लगे। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने रोहित से मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने चाकू निकाल लिया और रोहित के सीने में मार दिया। चाकू लगते ही रोहित सड़क पर गिर गया। यह देख बाइक सवार युवक भाग निकले। इसके बाद परिजन रोहित को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपियों ने चाकू से युवक के सीने पर वार किया था।
युवक को लहूलुहान हालत में देख छत से कूद गई युवती- रोहित को लहूलुहान हालत में उसकी प्रेमिका ने भी घर की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इसके बाद उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने चाकू से हमला करने वाले आरोपियों जग्गू साहू, सोनू प्रजापति और किशन को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि रोहित अक्सर शराब के नशे में हुड़दंग करता और आसपास के लोगों से विवाद करता था।
पड़ोसी के बुलाने पर समझाने के लिए पहुंचे थे आरोपी- एएसपी मेघा ने बताया कि रोहित यादव आए दिन शराब पीकर उत्पात मचाता था। वह शुक्रवार रात भी गाली-गलौज कर रहा था। परेशान एक पड़ोसी ने जग्गू साहू को बताया कि रोहित शराब पीकर हंगामा कर रहा है। इस पर जग्गू अपने दो अन्य दोस्तों के साथ पहुंच गया। तीनों ने रोहित को समझाने का प्रयास किया। इस बीच मामला बिगड़ गया और जग्गू ने रोहित पर चाकू से हमला कर दिया। इसके चलते रोहित की मौके पर मौत हो गई।