जांजगीर-चांपा I छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में एक प्राइवेट स्कूल संचालक से ठगी के मामले में पुलिस ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) को गिरफ्तार किया है। आरोपी CA को पुलिस पटना से पकड़ कर लाई है। हालांकि उसके दो साथी फरार हैं। आरोपियों ने CSR फंड से रुपए दिलाने का झांसा देकर स्कूल संचालक से 10 लाख रुपए ठगे थे। मामला जांजगीर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जांजगीर निवासी आलोक अग्रवाल एक निजी स्कूल के संचालक हैं। उनकी मुलाकात साल 2020 में रायपुर में पटना निवासी CA त्रिपुरारी कुमार और उसके दो अन्य साथियों से हुई थी। बातों-बातों में त्रिपुरारी ने स्कूल संचालक आलोक अग्रवाल को कंपनियों के CSR फंड से गरीब बच्चों की शिक्षा के नाम पर 10 करोड़ रुपए दिलाने की पेशकश की।

तीन साल तक आश्वासन ही देता रहा

आरोपी CA ने कहा कि इसके लिए 10 लाख रुपए बतौर घूस के देने होंगे। उसकी बातों में आकर आलोक अग्रवाल ने 21 अप्रैल 2020 को आरोपी के खाते में 10 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद समय बीतता गया, पर फंड के रुपए नहीं मिले। इस दौरान आलोक अग्रवाल ने कई बार त्रिपुरारी से फोन पर बात भी की, लेकिन हर बार उसे आश्वासन ही मिलता था।

गिरफ्तारी से एक दिन पहले 5 लाख दिए

ऐसा करते हुए करीब 3 साल बीत गए, पर रकम नहीं आई। इस पर आलोक ने जून 2021 में त्रिपुरारी अग्रवाल और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज करा दी। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इस बीच उनके पटना में होने की जानकारी मिली। इस पर गिरफ्तारी के एक दिन पहले उसने 5 लाख रुपए आलोक के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

दफ्तर में छापा मारकर पकड़ा

वहीं दूसरी ओर आरोपी की तलाश में निकली जांजगीर पुलिस ने त्रिपुरारी के पटना स्थित उसके दफ्तर में छापा मार, उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने ठगी की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस उसे लेकर शनिवार को जांजगीर पहुंची। यहां उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं दोनों फरार साथियों की तलाश की जा रही है।