दुर्ग I मोहन नगर पुलिस ने दक्षिण अफ्रीका निवासी एक युवक व उसके दोस्त को महिला से छेड़छाड़ व मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विदेशी युवक एजुकेशन वीजा पर भारत आया था। वह अपने दोस्त के साथ काफी दिनों से दुर्ग स्थित मालवा होटल में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि वह गिरफ्तार युवक का पासपोर्ट वीजा भी चेक कर रही है। यदि वह गलत पाया गया तो उसको लेकर भी कार्रवाई की जाएगी।

दुर्ग सीएसपी अभिषेक झा ने बताया कि दुर्ग निवासी 38 वर्षीय महिला ने उसके साथ छेड़छाड़ व मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह मालवा होटल के पास रहती है। पास ही एक दुकान है जिसपर कब्जे को लेकर उसका पारिवारिक विवाद चल रहा था। एसडीएम कोर्ट से महिला को दुकान का हक मिल गया था। इसके बाद महिला 2 जून की शाम दुकान का ताला तोड़ने गई थी। जब महिला ताला तोड़ने पहुंची तो वहां अभिजीत झा पहुंच गया। उसने महिला को ताला तोड़ने से मना किया। जब महिला नहीं मानी तो वह उसे गंदी गंदी गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं उसने महिला से छेड़छाड़ करते हुए उसकी कुर्ती फाड़ दिया।

वहीं खड़े अभिजीत के दक्षिण अफ्रीका निवासी दोस्त सईद शाकरा (36 साल) ने भी महिला से छेड़छाड़ की और उसके बेटे गुनीत सिंह से मारपीट की। इससे उसे काफी चोटें आई। मोहन नगर पुलिस ने धारा 294,323,506,34,354ख के तहत मामला दर्ज कर 22 जून को आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा है।

मैसूर से एमकॉम करके अपने दोस्त के साथ दुर्ग आया था विदेशी

आरोपी सईद शाकरा ने बताया कि वह अफ्रीका के लीबिया का रहने वाला है। वह एजुकेशन वीजा पर भारत आया था। उसने मैसूर यूनिवर्सिटी से एम कॉम किया। इसके बाद वीजा एक्सटेंड करवाकर कर्मचारी कॉलोनी दुर्ग निवासी अपने दोस्त अभिजीत झा के पास आ गया था। यहां वह मालवा होटल में ठहरा हुआ था।