मोतिहारी. मोतिहारी जिले के नगर थाना क्षेत्र के अगरवा मोहल्ले में रास्ता के विवाद को लेकर फायरिंग में दंपती जख्मी हो गये। जख्मी दंपती को इलाज के लिये निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जख्मी दंपती मधुरंजन वर्मा व उनकी पत्नी सरिता देवी हैं। मधुरंजन वर्मा को बांह में गोली लगी है वहीं उनकी पत्नी को सीने में गोली लगी है। गोली अभी निकाली नहीं जा सकी है। डॉक्टरों ने महिला की स्थिति को चिन्ताजनक बताया है।

एएसपी शिखर चौधरी का कहना है कि जख्मी दंपती के पड़ोसी पर रास्ता विवाद को लेकर गोली मारने का आरोप लगा है। आरोपित की घर में छापेमारी कर पुलिस ने दोनाली बंदूक और तीस कारतूस बरामद किये हैं। बरामद बंदूक की जांच की जा रही है कि लाइसेंसी है या गैर लाइसेंसी है। आरोपित गिरिजा शंकर गुप्ता घर से फरार है। उसकी खोज में पुलिस छापेमारी कर रही है। उसके परिवार के एक सदस्य को हिरासत में लिया गया है। अरोपित आभूषण करोबारी है।

मामले को लेकर हुई थी पंचायत

मामले को लेकर सोमवार को पंचायती हुई थी। आरोपित ने अपनी बाउंड्री कर ली थी जबकि जख्मी मंगलवार को अपनी बाउंड्री कर रहे थे।  ग्रिल लगाने के लिए गए थे इस दौरान आरोपित विरोध करने लगे। इसके बाद विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने के साथ तू-तू मैं-मैं होने लगी। इस बीच आरोपित घर से पिस्तौल लाया और फायरिंग की। आरोपित ने तीन चक्र गोली चलायी है। पहली गोली महिला के सीने में लगी और वह गिर पड़ी। उसके बाद दो बार फायरिंग हुई लेकिन गोली कीच कर गयी। बचाव में पहुंचे उसके पति को भी हाथ में गोली लगी है।